नशे की तस्करी में संलिप्त पुलिस कर्मियों पर शुक्रवार को सदन खूब तपा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में एलएसडी तस्करी के मामले में संलिप्त पुलिस कर्मियों का उदाहरण देते हुए कहा कि स्पेशल टास्क फोर्स में लगाए गए कर्मचारी ही धंधे में लगे हुए हैं। उन्होंने अखबार की कतरन को दिखाते हुए कहा कि यह खबर अमर उजाला में भी छपी है। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अमर उजाला ने भी तो यही लिखा गया है कि पुलिस ने ही पुलिसकर्मियों को पकड़ा है। नशा तीन साल में नहीं फैला। पिछली सरकार के समय में नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। पिट एनडीपीएस एक्ट को भी लागू नहीं किया। जयराम ठाकुर ने प्रश्नकाल से पहले ही इस विषय पर बात करने को कहा। विस अध्यक्ष ने इस विषय को प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में लाने को कहा। शून्यकाल में जयराम ने मामला उठाया कि सिंथेटिक दवाओं का दौर चला हुआ है। दूरदराज के इलाकों में ड्रग्स पहुंच रही है। पुलिस पर कानून-व्यवस्था का बहुत बड़ा जिम्मा है। एलएसडी तस्करी के आरोप में चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं। अमर उजाला में खबर छपी है कि एलएसडी तस्करी में पकड़ने के बाद आरोपी छोड़ दिए थे। कुल्लू में दो करोड़ रुपये की खेप पकड़ी गई, इसमें पुलिसकर्मी पकड़े गए। क्या इसी बात से संतोष कर रहे हैं कि बहुत बड़े-बड़े वाकथॉन कर दिए।