यह हाई-टेक प्रणाली मुख्य ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कॉम्प्लेक्स के समीप एक समर्पित ट्रेनिंग एरिया में स्थापित की जाएगी, ताकि एनेस्थीसिया और इमरजेंसी विभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और नर्सिंग स्टाफ को आसानी से प्रशिक्षण मिल सके। जानकारी के अनुसार, निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 4.78 करोड़ रुपये है। सभी औपचारिकताओं के बाद यह सुविधा जल्द ही कार्यरत हो जाएगी।
यह प्रणाली मुख्य रूप से एनेस्थीसिया विभाग और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में उपयोग में लाई जाएगी। एनेस्थीसिया के दौरान सर्जरी में सुरक्षित इंट्यूबेशन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इमरजेंसी में दुर्घटना, ट्रामा, सांस रुकने, गले की सूजन या अन्य गंभीर स्थितियों में तुरंत और सटीक एयरवे मैनेजमेंट जीवन रक्षक सिद्ध होता है। डिफिकल्ट एयरवे की अधिकांश चुनौतियां इन्हीं दोनों विभागों में सामने आती हैं, ऐसे में यह प्रणाली उनकी क्षमता को कई गुना बढ़ाएगी। यह एक पूर्ण ट्रॉली-आधारित सिम्युलेटर पैकेज होगा, जिसमें फ्लेक्सिबल ब्रोंकोस्कोप, कैमरा-गाइडेड टूल्स और अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर शामिल होंगे।