इस स्पेशल ट्रेन में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी रेलवे बोर्ड की ओर से दी गई है। हालांकि, इस बार ट्रेन में जनरल टिकट नहीं मिलेगी। हॉलीडे स्पेशल 04503 ट्रेन दोपहर 12:30 बजे कालका से शिमला की ओर रवाना होगी। ट्रेन के धर्मपुर, बडोग, सोलन और कंडाघाट स्टॉपेज दिए गए हैं। इसके अलावा कालका से शिमला की ओर जाते हुए कनोह, शोघी और समरहिल में ट्रेन की क्रॉसिंग के लिए 10-10 मिनट ट्रेन को रोका जाएगा।
वहीं, हॉलीडे स्पेशल 04504 ट्रेन रात 8:20 बजे शिमला से कालका की ओर आएगी। यह ट्रेन कंडाघाट में नहीं रुकेगी। बाकी के स्टॉपेज रहेंगे। ये ट्रेन रात करीब 1:10 बजे कालका रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। रेलवे बोर्ड की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी है और स्टेशनों को भी ट्रेन संचालन के बारे में बता दिया है।
गौर रहे कि आगामी दिनों में नववर्ष और जनवरी में छुट्टियों पर प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाएगी। अभी से 10 जनवरी तक चलने वाली ट्रेनें पूरी तरह से पैक हैं। बुकिंग की लंबी वेटिंग भी चल रही है। इन पर्यटकों को रविवार से राहत मिल जाएगी।
ट्रेन के चलने से अब कालका से शिमला के बीच छह ट्रेनें हो जाएगी जो रोजाना अप-डाउन चलती हैं। इसी के साथ एक पेसेंजर ट्रेन भी एक दिन अप और दूसरे दिन डाउन की ओर चलाई जा रही है। हॉलीडे स्पेशल में ईवी कोच का िकराया 950, फर्स्ट क्लास का 795 और सेकेंड का 80 रुपये तय किया गया है। रविवार को ऑफलाइन टिकट मिलेंगे। उसके बाद आॅनलाइन बुकिंग हो सकेगी।
कालका-शिमला रेल सेक्शन पर लगातार बुकिंग की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए हॉलीडे स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेन 28 फरवरी तक चलेगी। स्पेशल ट्रेन के चलने से यात्रियों खासकर सैलानियों को फायदा मिलेगा। -विनोद भाटिया वरिष्ठ मंडल वाणिज्यक प्रबंधक, अंबाला