शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना हुए पीएमश्री स्कूलों के मेधावी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिला कांगड़ा के 22 पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के 44 मेधावी बच्चे रविवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुए। डाइट धर्मशाला से प्रिंसिपल राकेश शर्मा ने बच्चों को रवाना किया। ये मेधावी चंडीगढ़, दिल्ली व आगरा की यात्रा कर 24 जुलाई को वापस लौटेंगे। शैक्षणिक यात्रा के लिए 9वीं व 11वीं के उन मेधावियों का चयन किया गया है, जिन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया है। जिला के 22 पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में प्रति स्कूल 2 बच्चों को भ्रमण के लिए चयनित किया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर से 239 बच्चे भ्रमण पर गए हैं, जिनमें से 44 बच्चे जिला कांगड़ा के स्कूलों के हैं। इन बच्चों के साथ 15 एस्कार्ट टीचर भी भ्रमण पर हैं। यही नहीं, इनमें प्रदेश भर के 8 अनाथ बच्चे भी शामिल हैं। इस अवसर पर डाइट प्रिंसिपल राकेश शर्मा और पीएमश्री के जिला कोआर्डिनेटर राजेश बैंस भी मौजूद थे। प्रिंसिपल राकेश शर्मा ने बच्चों को उनकी सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी।