राजधानी के ढली-संजौली बाईपास पर शनिवार शाम पहाड़ी दरक गई। इससे कई हरे पेड़ ढह गए। बिजली तार टूट गए और मलबा बाईपास सड़क पर पहुंच गया। पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई और गाड़ियां रोक दी गईं। सड़क पर मौजूद लोग जान बचाकर भागे। कुछ लोग गाड़ी खड़ी कर भी बाहर को दौड़े। काफी देर तक पहाड़ी से मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते बाईपास सड़क करीब 2 घंटे तक बंद रही। यहां लंबा जाम भी लग गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक व्यक्ति यहां प्लॉट की कटिंग कर रहा है। इस काम के लिए मौके पर जेसीबी मशीन चलाई जा रही है। गलत तरीके से की जा रही खुदाई के कारण शाम 4:00 बजे पहाड़ी दरक गई। इसका मलबा बाईपास सड़क पर पहुंच गया। गनीमत रही कि किसी को चोटें नहीं लगी। सूचना मिलते ही नगर निगम के वास्तुकार राजेश शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्लॉट की कटिंग कर रहे भूमि मालिक से इस काम की अनुमति दिखाने को कहा गया। भूमि मालिक ने जिला प्रशासन की ओर से दी गई अनुमति वास्तुकार को दिखाई। निगम से इसने कोई अनुमति नहीं ली थी। अब इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सोमवार को इस मामले पर आगामी कार्रवाई होगी।