फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में भारी बारिश: रामपुर की कूट खड्ड में बाढ़ से पुल बहा, सिरमौर में नदी में फंसे दो लोग, देखें वीडियो

Tue, 01 Sep 2026 09:02 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला/धर्मशाला।

सार

 कई क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा।  रामपुर उपमंडल के पंद्रह-बीस क्षेत्र में कूट खड्ड में अचानक बाढ़ आने से एक निजी विद्युत परियोजना को नुकसान पहुंचा, जबकि कूट पंचायत के सुरू गांव में पैदल पुल बह जाने से ग्रामीणों का संपर्क कट गया। वहीं, सिरमौर के नाहन उपमंडल में नदी के बीच फंसे दो लोगों को निकालने के लिए प्रशासन ने हेलिकॉप्टर की मदद मांगी है।
विज्ञापन
सिरमौर में नदी में फंसे दो लोग, कूट खड्ड में बाढ़ से पुल बहा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कई क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। राजधानी शिमला समेत कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, बिलासपुर और अन्य जिलों में बारिश हुई। रामपुर उपमंडल के पंद्रह-बीस क्षेत्र में कूट खड्ड में अचानक बाढ़ आने से एक निजी विद्युत परियोजना को नुकसान पहुंचा, जबकि कूट पंचायत के सुरू गांव में पैदल पुल बह जाने से ग्रामीणों का संपर्क कट गया। वहीं, सिरमौर के नाहन उपमंडल में नदी के बीच फंसे दो लोगों को निकालने के लिए प्रशासन ने हेलिकॉप्टर की मदद मांगी गई।

विज्ञापन




नाहन विकासखंड के बर्मा पापड़ी में मंगलवार को रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से करीब 62 वर्षीय बनारसी दास और उन्हें बचाने पहुंचे 32 वर्षीय अंशुल नदी के तेज बहाव के बीच फंस गए। करीब साढ़े चार घंटे चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 8 बजे वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टर से बनारसी दास को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सहारनपुर ले जाकर भारतीय सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, बनारसी दास क्षेत्र में भैंसें चरा रहे थे। इस दौरान करीब 3 बजे रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वह नदी के बीच फंस गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसी बीच बर्मा पापड़ी निवासी और जलशक्ति विभाग में कार्यरत 32 वर्षीय अंशुल बुजुर्ग की मदद के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के बीच वह भी नदी में फंस गए। करीब 9 बजे जलस्तर कुछ कम होने पर अंशुल स्वयं नदी में कुछ दूरी तक किनारे की ओर आए, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। संकट की इस घड़ी में अंशुल के साहस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। इस दाैरान माैके पर डीसी सिरमाैर प्रियंका वर्मा व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल भी माैजूद रहे।

विज्ञापन

चायल गांव के कुछ घरों को खतरा पैदा
वहीं कालका-शिमला रेल ट्रैक पर मंगलवार को ट्रेनें नहीं चलीं। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों के चलते बुधवार को भी ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। चंबा में खराब मौसम और धुंध के कारण मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर और होली से गौरीकुंड के बीच हेलिकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही। श्रद्धालुओं को हवाई सेवा का लाभ नहीं मिल सका।  निरमंड उपमंडल की बागीपुल-जाओं सड़क पर भारी भूस्खलन से चायल गांव के कुछ घरों को खतरा पैदा हो गया। प्रशासन ने एहतियातन तीन घर खाली करवाकर परिवारों को उनके रिश्तेदारों के घरों में शिफ्ट किया।

 60 सड़कें, 11 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
प्रदेश में मंगलवार शाम तक 60 सड़कें, 11 बिजली ट्रांसफार्मर और 39 पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। मंडी जिले में भूस्खलन से बंद सड़कों को खोलने का काम जारी रहा। सुबह जिले में 34 सड़कें बंद थीं, जिनमें आठ को दोपहर तक बहाल कर दिया गया। शाम चार बजे तक 26 सड़कें बंद रहीं। राष्ट्रीय राजमार्ग-003 भी रोपड़ू नाला के पास करीब ढाई घंटे प्रभावित रहा। कुन्नू पुल बस ठहराव के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा हाईवे पर गिर गया। मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को कांगड़ा में 99 मिलीमीटर, धर्मशाला में 43, पांवटा साहिब में 26, नाहन में 25, बिलासपुर में 15 और शिमला में 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चुन्नी के सहारे बाइक सवार को बचाया
चुवाड़ी के ककीरा-कमलाहड़ी मार्ग पर भारी बारिश के बीच तेज बहाव में एक बाइक सवार फंस गया। पानी के तेज बहाव से उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे टैक्सी चालक ने अपने रिश्तेदारों के साथ उसकी मदद की। टैक्सी चालक के साथ मौजूद नवविवाहिता और उसकी ननद ने चुन्नी के सहारे बाइक सवार को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते मदद मिलने से बाइक सवार की जान बच गई।

मरीज को ले जा रही एंबुलेंस नदी में फंसी, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला
वहीं रायतन क्षेत्र में मंगलवार सुबह मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस नदी पार करते समय बीच धार में फंस गई। एंबुलेंस में 70 वर्षीय महिला सवार थी, जिसे हिमाचल के परवाणू स्थित अस्पताल ले जाया जा रहा था। नदी में पानी कम होने के बावजूद रास्ता स्पष्ट नहीं होने के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला। अछर नंबरदार ने बताया कि हरियाणा के गांव मल्लाह से सटे हिमाचल के गांव नारायणी की महिला को इलाज के लिए परवाणू ले जाया जा रहा था। नदी पार करते समय एंबुलेंस फंस गई। उन्होंने बताया कि मल्लाह और नारायणी के ग्रामीण वर्षों से इसी नदी के रास्ते आवागमन कर रहे हैं। बारिश के दौरान पानी बढ़ने पर यह रास्ता चार से पांच घंटे तक बंद हो जाता है। अछर नंबरदार ने बताया कि नदी पर पुल बनाने की मांग विधायक के समक्ष भी रखी जा चुकी है। बारिश में रास्ता बंद होने से मरीजों और जरूरतमंद लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी पर जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है।
विज्ञापन

स्लेटपोश मकान की छत गिरी, 106 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत
उधर, कांगड़ा जिले की ग्राम पंचायत साम्बा के वार्ड नंबर-2 में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में स्लेटपोश मकान की छत गिरने से 106 वर्षीय बुजुर्ग महिला लछि देवी पत्नी स्वर्गीय मंगत राम की मौत हो गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार लछि देवी अपने पुराने कच्चे मकान में अकेली रहती थीं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। दो बेटे चूड़ामणि नाग और छोटे बेटे राज कुमार नाग ने कच्चे मकान के साथ अलग पक्का मकान बना रखा था और वहीं रहते थे। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला स्वयं पुराने कच्चे मकान में रहना पसंद करती थीं। हादसे की सूचना मिलते ही भवारना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ परिजनों के बयान दर्ज किए। वहीं पटवारी ने भी मौके पर पहुंचकर हादसे से हुए नुकसान और परिस्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान साम्बा पंचायत के प्रधान संजय गुलेरिया भी मौके पर मौजूद रहे। मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में लछि देवी का अंतिम संस्कार साम्बा के श्मशान घाट में कर दिया गया। 106 वर्ष की उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें