फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाटी मामला: डीसी सिरमाैर ने एसडीएम और तहसीलदारों को एसटी प्रमाणपत्र बनाने के दिए आदेश, गिरिपार में जश्न

Sun, 29 Nov 2026 11:16 AM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, नाहन / संगड़ाह/रोनहाट /हरिपुरधार (सिरमौर)।

सार

सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को कोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि मामले में एडी से बात की गई है।
विज्ञापन
गिरिपार में जगह-जगह जश्न। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के हाटी समुदाय से जुड़े मामले में हाईकोर्ट के फैसले के बाद जिला प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को कोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि मामले में एडी से बात की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे उच्च न्यायालय के फैसले में निहित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्हें हाटी समुदाय का अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र बनाने के लिए कहा गया है। उधर हाईकोर्ट के फैसले के बाद गिरिपार में हाटी समुदाय में खुशी की लहर है। बूढ़ी दिवाली से पहले 56 साल के संघर्ष का लोगों को बड़ा तोहफा मिला है। संगड़ाह बस अड्डा बाजार में लोगों ने आतिशबाजी की। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया। हरिपुरधार में भी लोगों ने मिठाई बांटी। रोनहाट कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर में भी फैसले को लेकर उत्साह देखने को मिला। स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

विज्ञापन
Trending Videos

हाटी मामले में कब क्या हुआ
1970 के दशक में उठी थी आवाज
- 1970 का दशक : गिरिपार में हाटी समुदाय ने जनजातीय दर्जे की मांग उठाई
- 1979 में केंद्रीय अनुसूचित जाति एवं जनजातीय आयोग ने गिरिपार का दौरा कर दर्जे की सिफारिश की
- 1995 में सांसद प्रेम कुमार धूमल ने संसद में मामला उठाया
- 2013-16 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में जनजातीय अनुसंधान केंद्र स्थापित हुआ और एथनोग्राफिक रिपोर्ट तैयार हुई
- 2021 में जनजातीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान ने रिपोर्ट केंद्र को भेजी
- 13 अप्रैल 2022 को आरजीआई ने हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने की सिफारिश की
- 16 दिसंबर 2022 को लोकसभा में विधेयक पारित हुआ
- 26 जुलाई 2023 को राज्यसभा ने विधेयक को मंजूरी दी
- 4 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून की अधिसूचना जारी हुई
- 1 जनवरी 2024 को प्रदेश सरकार ने जनजातीय दर्जा लागू करने के आदेश जारी किए
- 4 जनवरी 2024 को उच्च न्यायालय ने प्रक्रिया पर रोक लगा दी। तब तक 84 जनजाति प्रमाणपत्र जारी हो चुके थे

गुज्जर समाज कल्याण परिषद बनाएगी आगामी रणनीति
 हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद गुज्जर समाज कल्याण परिषद की आगामी भूमिका पर नजरें टिक गईं हैं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद परिषद ने आगामी रणनीति तय करने के लिए बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।परिषद के महासचिव सोमनाथ भाटिया ने बताया कि बैठक में हाईकोर्ट के निर्णय और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

हाटी समुदाय के संघर्ष और धैर्य की जीत : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा देने के खिलाफ दायर याचिकाओं को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से खारिज किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने हाटी समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि यह छह दशक लंबे संघर्ष की जीत है। समुदाय के लोगों ने धैर्य, अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। जयराम ने कहा कि संसद से कानून पारित होने के बावजूद समुदाय को अपना हक पाने के लिए करीब दो साल इंतजार करना पड़ा। इस संघर्ष में उन्होंने भी हरसंभव सहयोग दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उनकी सरकार ने सितंबर 2021 में हाटी समुदाय को एसटी दर्जा देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। 14 सितंबर 2022 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसे मंजूरी दी। इसके बाद संसद के दोनों सदनों में विधेयक पारित हुआ और चार अगस्त 2023 को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद कानून बना। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कानून लागू करने में अड़चनें पैदा कीं। चार जनवरी 2024 को हाईकोर्ट ने इसके कार्यान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी थी। अब 31 पेशियों के बाद आए फैसले से हाटी समुदाय को न्याय मिला है।

56 वर्ष के लंबे संघर्ष का सुखद परिणाम : कमल
 हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के मामले में हाईकोर्ट के फैसले का केंद्रीय हाटी समिति ने स्वागत किया है। समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद कमल ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि यह फैसला करीब तीन लाख लोगों की जीत है। उन्होंने इसे 56 वर्षों के लंबे संघर्ष का सुखद परिणाम बताया। डॉ. कमल ने कहा कि हाटी समुदाय ने जनजातीय दर्जे की मांग को लेकर 56 वर्षों तक संघर्ष किया। यह अपने आप में ऐतिहासिक आंदोलन रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पूरे आंदोलन के दौरान कहीं भी हिंसा नहीं हुई। संघर्ष के दौरान कई बाधाएं आईं, लेकिन हाटी समिति और लोगों ने उनका मजबूती से सामना किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के योगदान का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि गिरिपार क्षेत्र की ओर से उनका धन्यवाद किया जाता है।

यह हाटी और माटी की जीत : डॉ. सिंगटा
केंद्रीय हाटी समिति की शिमला इकाई के अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंगटा ने हाईकोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताते हुए कहा कि यह हाटी और माटी की जीत है। उन्होंने गिरिपार क्षेत्र के लोगों से आपसी समरसता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सभी समुदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं। ऐसे में किसी को भी वैमनस्य फैलाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। डॉ. सिंगटा ने कहा कि समिति न्यायालय के फैसले का स्वागत करती है। इससे गिरिपार के करीब तीन लाख लोगों को जनजातीय दर्जे का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है। विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें एसटी दर्जे को लेकर असमंजस के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा था। अब उनके जनजातीय प्रमाणपत्र बनने शुरू हो सकेंगे।

हाटी समुदाय की जीत किसी एक दल की नहीं : हर्षवर्धन
 उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के मामले में हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे ट्रांस-गिरि क्षेत्र के लोगों के दशकों लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि इससे करीब तीन से साढ़े तीन लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने कहा कि संसद से कानून पारित होने और प्रदेश सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद चार जनवरी 2024 को हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। करीब तीन साल बाद अब न्यायालय ने केंद्र सरकार की अधिसूचना को बरकरार रखते हुए सभी याचिकाएं खारिज कर दी हैं। उन्होंने मामले में पैरवी करने वाले पूर्व एडवोकेट जनरल श्रवण डोगरा के प्रयासों की सराहना की। चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय को एसटी दर्जा दिलाने का संघर्ष एक सामाजिक मुद्दा रहा है। ऐसे में इसका श्रेय किसी एक राजनीतिक दल को देना उचित नहीं होगा। कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों के नेताओं ने समय-समय पर इस मांग को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल के प्रयासों को भी याद किया। पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने भी तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समक्ष यह मांग उठाई थी।
विज्ञापन

हाटियों के संघर्ष को मिला न्याय : तोमर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने हाटी समुदाय के पक्ष में आए हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय से गिरिपार की 154 पंचायतों के करीब तीन लाख लोगों को राहत मिली है। साथ ही समुदाय के अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को लेकर बनी अनिश्चितता भी दूर हो गई है। पांवटा साहिब में पत्रकार वार्ता में तोमर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सितंबर 2022 में गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय की दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उसे एसटी दर्जा देने की मंजूरी दी थी। इसके बाद संसद में विधेयक पारित हुआ और अगस्त 2023 में राष्ट्रपति की अधिसूचना से समुदाय को दर्जा दिया गया। तोमर ने फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हाटी समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए केंद्र सरकार और हाटी समिति ने लगातार प्रयास किए हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बलदेव तोमर को फोन कर गिरिपार क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। उन्होंने भी इसे क्षेत्र के लिए खुशी का अवसर बताया। पत्रकार वार्ता के दौरान तोमर संघर्ष और चुनौतियों का जिक्र करते हुए भावुक हो गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें