जाहू (हमीरपुर)। लड़की को तू बड़ी सोहणी लगदी.. कहने पर जाहू में सैलून मालिक की जमकर पिटाई हो गई। मामला उपमंडल भोरंज के तहत जाहू का है, जहां एक सैलून मालिक ने बाजार में जाती लड़की को कहा कि तू बड़ी सोहणी लगदी।
लड़की पंजाब की रहने वाली है और सैलून मालिक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। यह बात लड़की ने अपने माता-पिता को बताई। इस पर लड़की के माता-पिता ने युवक को सैलून से बाहर बुलाकर सड़क पर जमकर धुनाई की।
इस घटना के दौरान वहां पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और काफी समय तक हंगामा चलता रहा। हालांकि यह घटना वीरवार की है, लेकिन घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद चारों तरफ चर्चा हो रही है। हालांकि बाद में लोगों के बीच बचाव के कारण दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
युवक ने अपनी गलती मान ली है। इस कारण जाहू पुलिस चौकी में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ। जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान का कहना है कि जाहू में बाहरी राज्यों के लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ने लगा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाहरी राज्यों के लोगों की पंजीकरण के समय पहचान पत्र की गहनता से जांच की जाए।