गलोड़ (हमीरपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ की एक्सरे मशीन पिछले 33 दिनों से खराब पड़ी है। इसके चलते मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए नादौन या हमीरपुर जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त समय और पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना करीब 200 से 250 मरीजों की ओपीडी होती है और औसतन 40 से 45 एक्सरे किए जाते हैं। एक माह में करीब 900 से 1000 एक्सरे होने के कारण मशीन खराब होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
मशीन को पहले एनजीओ के माध्यम से 30 से 35 हजार रुपये खर्च कर दो बार ठीक करवाया जा चुका है, लेकिन अब इसे बियॉन्ड रिपेयर घोषित कर दिया गया है। बीएमओ गलोड़ अरविंद कौंडल ने बताया कि नई एक्सरे मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और करीब डेढ़ माह में प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।