ट्रांसफार्मरों तक ही सीमित है जिले में तीन इलेक्ट्रानिक चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण कार्य
जिला के पांच क्षेत्रों में स्थापित होने हैं चार्जिंग स्टेशन
निर्माण कार्य को लेकर जारी हुआ है करोड़ों का बजट
बस अड्डा हमीरपुर, वर्कशाप और जाहू में ट्रांसफार्मरों तक ही सीमित है कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में परिवहन निगम की ओर से प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशनों का कार्य ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली लाइनों तक ही सीमित है। निगम की ओर से बस अड्डा हमीरपुर, एचआरटीसी वर्कशॉप और जाहू बस अड्डे पर ट्रांसफार्मर स्थापित कर लिए गए हैं लेकिन विद्युत चालित बसों की खरीद न होने से अभी तक चार्जिंग स्टेशनों को शुरू करने का कार्य नहीं हो पाया है। इलेिक्ट्रकल वाहनों की खरीद के साथ ही चार्जिंग स्टेशनों में मशीनरी स्थापित होगी। ऐसे में बिना मशीनों के स्थापित ट्रांसफार्मर किसी काम नहीं आ रहे हैं। तीन चार्जिंग स्टेशनों में बिजली कनेक्शन देने और ट्रांसफार्मर स्थापित करने पर करोड़ों का बजट खर्च किया गया है।
परिवहन निगम की ओर से जिले में पांच स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए जगह चिह्नित की गई हैं। इनमें से तीन चार्जिंग स्टेशनों में बिजली उपकरणों को लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। बस स्टैंड हमीरपुर, एचआरटीसी वर्कशॉप और जाहू बस अड्डे पर ट्रांसफार्मर स्थापित कर लिए गए हैं जबकि बस स्टैंड नादौन और इलेक्ट्रिकल बस डिपो नादौन में एक-एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इलेक्ट्रिकल बस डिपो नादौन में 2.54 करोड़ से चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य किया जाएगा। यहां पर दो हजार केवीए के इस स्टेशन में बिजली के खंभे लगाकर लाइन भी बिछा दी है। यहां पर महज ट्रांसफार्मर लगना बाकी रह गया है। वहीं, नादौन बस अड्डे में चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए बिजली बोर्ड को 51 लाख की राशि सौंप दी गई है। इसके अलावा एचआरटीसी वर्कशॉप हमीरपुर में 65 लाख की लागत से 630 और बसस्टैंड हमीरपुर में भी 630 केवीए का ट्रांसफार्मर और जाहू बस अड्डे में 32 लाख की लागत से 400 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इन तीनों चार्जिंग स्टेशनों पर महज चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाने बाकी हैं।
इस बारे में डीडीएम हमीरपुर राजकुमार पाठक ने कहा कि इलेक्ट्रिकल वाहनों की खरीद के साथ ही चार्जिंग स्टेशनों को शुरू किया जाएगा। जाहू, बस अड्डा हमीरपुर और वर्कशाप हमीरपुर में चार्जिंग स्टेशन के लिए बिजली उपकरण स्थापित कर दिए गए हैं।