बड़सर थाने के तहत ज्योली देवी पंचायत में पेश आया मामला, क्रॉस केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत ज्योली देवी में मौका देखने गई महिला प्रधान से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले में क्राॅस केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष ने महिला प्रधान पर थप्पड़ मारने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। डवरानी गांव निवासी जोगिंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वार्ड सदस्य जीतराम ने उन्हें फोन किया और कहा कि वह उनके घर में हैं। जब वह घर आए तो प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य कई लोग घर पर मौजूद थे। ज्योली देवी पंचायत की प्रधान ने उन्हें इन सबके सामने थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी।
दूसरी ओर ग्राम पंचायत ज्योली देवी की प्रधान रीना देवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अमरचंद के एक शिकायत पत्र पर मौका देेखने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों के साथ गई थीं। अमर चंद ने जोगिंद्र व उसकी पत्नी के खिलाफ रास्ता रोकने की शिकायत दी थी। इस शिकायत पर ही वह मौका देखने के लिए आई थी। इस दौरान जोगिंद्र सिंह और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बहसबाजी और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिलने पर क्रॉस केस दर्ज किया गया है।