सुजानपुर-चरोट-चौरी सड़क को किया जा रहा चकाचक। संवाद
- फोटो : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का स्वागत करते कटका क्लब के पदाधिकारी।
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के तहत सुजानपुर-चरोट-चौरी सड़क पर पड़े गड्ढों से वाहन चालकों को जल्द निजात मिलेगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
करीब दस दिन के भीतर कार्य को संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है। सात किलोमीटर सड़क पर लगभग 11 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, कार्य के चलते सड़क पर यातायात 25 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक सुजानपुर-पटलांदर सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। इस सड़क पर काफी गड्ढे पड़े थे।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया था। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को हरसमय हादसे का डर रहता था। बरसात के दिनों में सड़क की हालत और भी खराब हो गई थी। स्थानीय लोग लंबे समय से इस सड़क पर पड़े गड्ढों को भरने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए गड्ढों को भरा जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग सुजानपुर के एसडीओ विजय धीमान ने बताया कि सुजानपुर-चरोट-चौरी सड़क की मरम्मत की जा रही है। 25 दिसंबर तक कार्य को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क को पहले से बेहतर बनाया जा रहा है। लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।