हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के बाजार में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का समय निर्धारित न होने के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार दिनभर अपने सामान से लदे वाहनों को लोड और अनलोड करते रहते हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। जगह-जगह खड़े इन वाहनों के कारण राहगीरों को चलने में भी मुश्किल हो रही है।
राहगीरों में कंचन, युद्धवीर, अमन, पंकज, कविता, दिव्या, आकांक्षा आदि ने कहा कि बाजार में दिनभर सामान की लोडिंग-अनलोडिंग होने से उन्हें बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। छोटे वाहनों के लिए भी समय निर्धारित होना चाहिए, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके।पुलिस ने बड़ी गाड़ियों के लिए रात 8ः00 बजे से सुबह 8ः00 बजे तक का समय निर्धारित किया है।
इस दौरान ट्रक आदि सामान को लोड और अनलोड कर सकते हैं। मगर छोटे वाहनों के लिए कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है। इसी का फायदा उठाते हुए दुकानदार हर समय गाड़ियां खड़ी करके लोडिंग-अनलोडिंग करते रहते हैं, जो अब राहगीरों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। राहगीरों ने प्रशासन से अपील की है कि छोटे वाहनों के लोडिंग-अनलोडिंग का समय निर्धारित किया जाए, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके और राहगीरों को राहत मिल सके।
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज राजकुमार ने कहा कि बड़ी गाड़ियों के लिए समय निर्धारित है, लेकिन छोटी गाड़ियों के लिए अभी तक कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को हल करने के लिए छोटे वाहनों के लोडिंग-अनलोडिंग का समय भी निर्धारित करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि बाजार में यातायात की व्यवस्था सुचारू बनी रहे और राहगीरों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।