हमीरपुर में बारिश के दौरान कुछ लोग छाते लेकर तो कुछ भीगते हुए अपने गंत्वय जाते।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में बुधवार सुबह 10:00 बजे झमाझम बारिश हुई। करीब आधा घंटा हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट आई है। कई युवकों ने बारिश में भीगने का लुत्फ उठाया। बारिश के बाद दिनभर मौसम सुहावना रहा। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से हमीरपुर का तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका था। भीषण गर्मी के कारण लोगों का दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था, लेकिन बुधवार को हुई हल्की बारिश से पारा काफी लुढ़क गया है।
बारिश के कारण लोगों के घरों की छतों और पेड़ों पर जमी धूल-मिट्टी भी साफ हो गई। सड़क किनारे निकासी नालियां भी साफ हो गईं। हालांकि, यह बारिश आधा घंटा ही हुई। इससे किसानों को ज्यादा फायदा नहीं हुआ। मक्की, चरी और बाजरे की बिजाई के लिए जितनी नमी जमीन के भीतर चाहिए थी, उतनी इस बारिश से नहीं मिल पाई। अब लोग मानसून आने का इंतजार कर रहे हैं।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अतुल डोगरा ने कहा कि बुधवार को हुई बारिश मक्की और अन्य फसलों की बिजाई के लिए पर्याप्त नहीं है। फसल बिजाई के लिए अधिक नमी चाहिए होती है। वैसे भी 15 जून से मक्की की फसल बिजाई का सीजन शुरू होता है।
बाक्स:
एक मकान की टीननुमा छत दूसरे कच्चे मकान पर गिरी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर शहर में मंगलवार रात 9:00 बजे के करीब वार्ड नंबर 2 में बिजली के खंभे पर एक पेड़ गिर गया। इससे बिजली गुल हो गई। करीब 2 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने बिजली बहाल की। वहीं, तूफान से नगर परिषद के वार्ड नंबर 4 में पुरुषोत्तम चौधरी की टीननुमा छत दूर जाकर एक कच्चे घर पर जा गिरी। इससे घर को नुकसान हुआ है। मकान मालिक संदीप कुमार गरीब परिवार से संबंध रखता है। भारी भरकम टीन गिर जाने से उसकी कच्चे मकान की छत को नुकसान पहुंचा है। पुरुषोत्तम चौधरी ने बताया कि मौके पर राजस्व विभाग से पटवारी आया था। उन्होंने मौका देखा है।