स्वास्थ्य विभाग की जांच में फेल पाए गए थे सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले के डायरिया प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की जांच में जलशक्ति विभाग की पेयजल सप्लाई के सैंपल फेल होने के बाद महकमा हरकत में आ गया है। मामले में अब जलशक्ति विभाग ईको लैब चंडीगढ़ में पेयजल की जांच करवाएगा। जलशक्ति विभाग की विभागीय जांच में पानी सही पाया गया था, जबकि स्वास्थ्य विभाग की जांच में दो सैंपल फेल पाए गए थे।
स्वास्थ्य खंड टौणी में सोमवार को स्क्रीनिंग प्रक्रिया जारी रही। 27 गांवों में स्वास्थ्य विभागों की टीमों ने स्क्रीनिंग की। हालांकि, अब डायरिया से लोगों को राहत मिली है। मंंगलवार को डायरिया के दो केस सामने आए। इस बारे में सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि स्क्रीनिंग जारी है। स्वास्थ्य खंड में 600 से भी अधिक लोग डायरिया से प्रभावित हुए। वहीं, स्वास्थ्य खंड भोरंज में भी डायरिया फैल गया। अब स्थिति नियंत्रण में है लेकिन लोगों में पानी के इस्तेमाल के लिए डर की स्थिति बनी हुई है।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता संजय ठाकुर ने कहा कि विभाग सोर्स री-वेरिफिकेशन करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों से सैंपल लेगा और इसकी जांच करेगा। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग ने सभी टैंकों की क्लोरीनेशन करवाई है। अब सोर्स री-वेरिफिकेशन करने के लिए ईको लैब चंडीगढ़ के लिए शीघ्र ही सैंपल भेजे जाएंगे।