कुछ हिस्सों में तो पानी की सप्लाई ही नहीं पहुंच रही
भीषण गर्मी में बढ़ गई हैं लोगों की दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगूू (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन में पानी की आपूर्ति समय पर न होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। वहीं, कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई ही नहीं हो रही। विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति अलग-अलग समय पर की जाती है। ऐसे में पेयजल उपभोक्ताओं को पेयजल से वंचित रहना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग शहर के वार्ड नंबर 4-5 और दो के कुछ हिस्सों में जहां नए पाइप लगाए हैं वहां पर पानी दिन के समय न छोड़कर रात के समय छोड़ा जा रहा है। लगातार एक माह से यह समस्या सामने आ रही है।
दूसरी ओर पुराने पेयजल पाइपों में पानी न के बराबर ही आता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि पेयजल आपूर्ति के लिए एक निश्चित समय निर्धारित कर लेें। इस बारे में अधिशासी अभियंता राजीव सहगल ने कहा कि पानी का स्तर भीषण गर्मियों के चलते काफी गहरा हो चुका है। इससे पेयजल सप्लाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। रही बात समयसारिणी तो इस विषय में कर्मचारियों से बात करके समस्या का हल कर दिया जाएगा।