सिविल अस्पताल भोरंज का भवन। संवाद
भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज में दो दिन से पानी की समस्या बनी हुई है। पानी नहीं होने के कारण मरीजों, तीमारदारों के साथ-साथ अस्पताल स्टाफ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह अस्पताल में पानी की टंकियां खाली थीं। यहां पर दाखिल मरीजों के साथ-साथ स्टाफ को भी बाहर से सार्वजनिक नलों से पानी लाना पड़ रहा है। पीने के पानी से लेकर सभी शौचालयों के नल सूखे पड़े थे। सिविल अस्पताल में 50 बिस्तरों की सुविधा है।
नया भवन बन गया है, इसमें 50 बिस्तरों की सुविधा का प्रावधान होगा, लेकिन अस्पताल में पानी के लिए कोई भंडारण टैंक का प्रावधान नहीं रखा है। अगर पानी की सप्लाई एक या दो दिन बंद हो तो पानी की टंकियां खाली हो जाती हैं।
अस्पताल में पानी की समस्या सप्ताह में एक से दो बार हो रही है, लेकिन समस्या का स्थाई हल नहीं हो रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से आग्रह किया है कि पानी की समस्या का उचित समाधान किया जाए।
वहीं, जलशक्ति विभाग भोरंज के एसडीओ आशीष देव ने बताया कि बीती रात मेवा लगवालती प्रोजेक्ट में बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी नहीं आया था, लेकिन सुबह अस्पताल के लिए पानी छोड़ दिया गया है।
बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने बताया कि अस्पताल में कभी-कभी पानी की समस्या रहती है। समस्या के उचित समाधान के प्रयास किए जाएंगे।