कैहरवीं चौक में ताल सड़क पर टूटी पाइप से बह रहा पानी। स्रोत : संवाद
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कैहरवीं के अंतर्गत कैहरवीं चौक में ताल सड़क पर पेयजल पाइप फट गई है। पाइप फटने से पानी व्यर्थ बह रहा है। जल शक्ति विभाग के अधिकारी रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन बावजूद इसके उन्होंने इस पेयजल पाइप को दुरुस्त नहीं करवाया है।
स्थानीय लोगों ने जब समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया तो अधिकारी संबंधित क्षेत्र को अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत नहीं होने का तर्क दे रहे हैं। मरम्मत कार्य को करने से परहेज कर रहे हैं। अधिकारियों की इस कार्यप्रणाली का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है और पानी बर्बाद हो रहा है।
पैदल सफर करने वाले लोग व्यर्थ बहते पानी से परेशान हैं। जब कोई वाहन चालक इस सड़क मार्ग से तेजी से गुजरता है तो राह चलते लोगों पर गंदे पानी की छींटे पड़ रहे हैं। लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं। यह पानी बहता हुआ कई दुकानों तक पहुंच गया है। स्थानीय दुकानदारों में तिलक राज, वीरू कुमार, संजीव कुमार, दिनेश आदि ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि जल्द ही पाइप को ठीक किया जाए।
जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने कहा कि अब कंज्याण में नया उपमंडल खुला है और यह इलाका उसके अंतर्गत आता है। वहीं कनिष्ठ अभियंता अरुण कुमार से दूरभाष से संपर्क करना चाहा तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।