फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: हूटर से दी चेतावनी, बहुत तेज हो रही है बारिश, भूस्खलन में दबे लोगों को सुरक्षित निकाला

विज्ञापन
कन्या स्कूल नादौन में मॉक ड्रिल के दौरान अभ्यास करते विद्यार्थी।स्रोत : संस्थान
विज्ञापन
मेगा मॉक ड्रिल : सरकारी, निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों में बताए आपदा से बचाव के तरीके
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

हमीरपुर/टौणी देवी/बिझड़ी। जिलाभर में शुक्रवार को प्राकृतिक आपदा से बचाव के लिए मेगा मॉक ड्रिल करवाई गई। सरकारी, निजी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में आपदा प्रबंधन का पूर्वाभ्यास किया गया। सरकारी तंत्र ने उपकरणों के साथ विद्यार्थियों और लोगों को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किस तरह से बचाव कार्य करना है, इसे अभ्यास के माध्यम से बखूबी बताया। कहीं स्ट्रेचर पर छात्रों को लेटाया गया तो कहीं भूस्खलन में दबे लोगों को निकालने का पूर्वाभ्यास किया गया।
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ विद्यालय बाल नादौन में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल में एनएसएस, एनसीसी स्काॅउट एंड गाइड और रोड सेफ्टी क्लब के सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी ली। विद्यार्थियों ने भूकंप, आग, भूस्खलन, बाढ़ और ग्लेशियर के अचानक टूटने से आने वाली आपदा पर जानकारी और बचाव के बारे में पूर्वाभ्यास किया। राजकीय उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में शुक्रवार को आग से बचाव के लिए ड्रिल करवाई गई। विद्यालय के छात्रों व शिक्षकों ने सूझबूझ से आग बुझाने एवं आग से बचकर निकलने का हुनर सीखा एवं भूकंप की स्थिति में सुरक्षा व बचाव पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस माक ड्रिल में नोडल अधिकारी सोनू गुलेरिया एवं अध्यापक होशियार सिंह ने बच्चों को आग से बचाव के गुर सिखाए। मेगा रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत राजकीय महाविद्यालय बड़सर में नाले में भूस्खलन के कारण 10 से 12 लोग फंस गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन में उन्हें सुरक्षित निकाला गया। इस आयोजन में उपमंडल अधिकारी नागरिक राजेंद्र गौतम, एनडीआरएफ के ऑब्जर्वर महेंद्र मनोहर, स्थानीय प्रधान वीरू जसवाल ने भी अपने विचार साझा किया।
विज्ञापन

हूटर से दी चेतावनी, बहुत तेज हो रही है बारिश, सुरक्षित स्थानों को निकले बच्चे
अवाहदेवी/नादौन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिक्कर खतरियां में आपदा जोखिम न्यूनीकरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रधानाचार्य देव राज धीमान की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में भी भूकंप से राहत प्राप्त करने के लिए मॉक ड्रिल करवाई गई, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय के आपदा प्रबंधन प्रभारी विनोद अवस्थी की अगुवाई में यह मॉक ड्रिल संपन्न हुई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करौर में पुलिस विभाग से आए कुशल कुमार तथा उनकी टीम ने बच्चों को मॉक ड्रिल करवाई। सबसे पहले 11 बजे हूटर से चेतावनी दी गई कि बहुत तेज बारिश हो रही है। उसके बाद बच्चे सुरक्षित स्थान के लिए निकल पड़े। सुरक्षित स्थान पहले से ही चिह्नित था। सब बच्चे कक्षावार वहां पहुंच गए। फिर हर कक्षा के मॉनिटर ने अपनी कक्षा की हाजिरी लगाई और जो बच्चे अनुपस्थित रहे उन्हें ढूंढने के लिए एनडीआरएफ की टीमें पहले से तैयार थी। उन बच्चों को सुरक्षित बाहर पहुंचाया गया। इसके बाद डॉ. सुरेश कुमार, यजनीश, लवलेश, प्रधानाचार्य जोगिंदर कुमार ने बच्चों को संबोधित किया। नादौन के जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान गौना में एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल की देखरेख में मेगा मॉक एक्सरसाइज के लिए पूर्व निर्धारित परिदृश्य के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे नादौन में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न स्थलों में बाढ़ एवं भूस्खलन में लोगों के फंसने की सूचनाएं प्राप्त हुईं। बाढ़ एवं भूस्खलन के खतरे और वहां लोगों के फंसने की सूचनाएं मिलते ही उपमंडल स्तर पर इंसिडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) तुरंत हरकत में आ गया। बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए नादौन उपमंडल में गौना स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में स्टेजिंग एरिया बनाया गया।
विज्ञापन



गंभीर रूप से घायल बच्चों का किया उपचार
जाहू/बड़ा (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में शुक्रवार को दो घंटे की खंडस्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप की अध्यक्षता में किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्थानीय स्कूल के बच्चों व अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान स्कूली बच्चों को कमरों से बाहर सुरक्षित निकाला गया तथा आपदा से घायल बच्चों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। आपदा से घायल बच्चों को गृह रक्षक व पुलिस जवानों की टीम के सदस्यों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला तथा गंभीर रूप से घायल बच्चों को एंबुलेंस में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपचार किया गया। उपमंडल नादौन के दुर्गा सिंह स्मारक राजकीय महाविद्यालय बड़ा में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के सौजन्य से मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान स्कूल की प्रधानाचार्य अंजना कौंडल ने अपने संबोधन में बच्चों को आपदा के दौरान अपने बचाव के लिए किन किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, उस बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें