एक सप्ताह के भीतर डीएवी स्कूल को रास्ता बनाने की मांग अन्यथा करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। एनएच तीन के निर्माण से डीएवी स्कूल टौणीदेवी का अस्पताल चौक के पास रास्ता पूरी तरह बंद करने पर भड़के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बुधवार को एनएच और नाबार्ड की टीम का घेराव किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर रास्ता बहाल न किया गया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा और चुनाव का बहिष्कार भी किया जा सकता है। नाबार्ड और एनएच की टीम नियमित निरीक्षण के दौरान जैसे ही टौणी देवी पहुंची, इससे पहले ही ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि अस्पताल चौक पर एकत्र हो गए। बारीं पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर, टपरे पंचायत के प्रधान दिवान चंद, डीएवी स्कूल टौणी देवी के प्रधानाचार्य मोहिंद्र डोगरा, ग्रामीणों में दलजीत सिंह, अमरदीप राणा, सुशील कुमार, हरनाम शर्मा, मदन लाल, करतार चंद, विपिन शर्मा सहित अन्य ने एनएच और नाबार्ड की टीम का घेराव किया और उन्हें रास्ते के बंद होने से आ रही समस्या के बारे में अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि डीएवी स्कूल में लगभग 300 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और आने जाने के लिए रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसी स्थान से होकर दो गांवों के लोग श्मशानघाट के लिए भी जाते हैं तथा आम रास्ते के बंद होने से सभी की आवाजाही बंद हो चुकी है। निर्माण कंपनी ने कोई भी पूर्व में वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ही रास्ते को बंद कर दिया और अब समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर अगर रास्ते को नहीं बनाया गया तो ग्रामीण अस्पताल चौक पर आंदोलन शुरू कर देंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी एनएच प्राधिकरण की होगी। वहीं, क्वालिटी इंजीनियर महेश वर्मा ने कहा कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं और जल्द ही इस दिशा में रास्ता बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिससे स्कूल प्रबंधन के साथ ही ग्रामीणों को आने जाने की कोई समस्या न हो।