गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत ग्रामीणों ने खेल मैदान में तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार युवक खेल मैदान में नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार रात को करीब दस बजे तीन युवकों को बैठे हुए देखा और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने युवकों से पूछताछ की तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद तीनों युवकों को वार्ड सदस्य इंदु कुमारी के घर ले गए। वहां से युवक इंदु कुमारी के पति सुभाष चंद को धक्का देकर भाग हो गए। धक्का लगने से सुभाष चंद घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए युवकों आशीष, राहुल और अक्षय कुमार का मेडिकल करवाया है। उनके रक्त के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवकों ने किस प्रकार का नशा किया था। अगर रिपोर्ट में नशा करने की बात सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो पुलिस को सूचना जरूर दें ताकि कार्रवाई की जा सके।