नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत बस अड्डे पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में रोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद स्थानीय परिवार ने एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। डर के कारण पीड़ित युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई।
घटना के दौरान आसपास के दुकानदारों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत किया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। दुकानदारों ने बताया कि बस अड्डा क्षेत्र में ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, जिससे माहौल प्रभावित होता है।
स्थानीय दुकानदारों रमेश, विकास, प्रवेश और दिनेश आदि ने पुलिस से इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। संवाद