हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवाओं में ऑनलाइन किराये के भुगतान का रुझान बढ़ा है। खासकर लंबी दूरी के सफर के लिए लोग नकद भुगतान के बजाय ऑनलाइन माध्यम को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।
हमीरपुर डिपो में रोजाना करीब 10 लाख रुपये की आय हो रही है। इसमें लगभग 70 फीसदी राशि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हो रही है। यात्रियों द्वारा यूपीआई, डेबिट कार्ड और ऑनलाइन टिकट बुकिंग के जरिए भुगतान किया जा रहा है।
लंबी दूरी के रूटों पर सफर करने वाले यात्री पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक करवा लेते हैं, जिससे यात्रियों को सीट की चिंता नहीं रहती और भुगतान भी आसानी से हो जाता है।
वहीं, छोटी दूरी की यात्रा करने वाले अधिकांश लोग अभी भी नकद भुगतान को प्राथमिकता दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय रूटों पर कैश लेन-देन अधिक देखने को मिल रहा है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से नकदी संभालने की परेशानी कम हुई है। साथ ही हिसाब-किताब में पारदर्शिता भी आई है।
कोट
सरकारी बसों में सफर के दौरान ऑनलाइन भुगतान में यात्री काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। लंबी दूरी के सफर में ऑनलाइन भुगतान अधिक हो रहा है।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो