नादौन। स्थानीय कस्बे में हर रोज लगने वाला जाम वाहन चालकों के लिए समस्या बन गया है। शुक्रवार सुबह दस से 11 बजे तक और दोपहर दो से चार बजे तक रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इस कारण वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम लगने का मुख्य कारण नादौन से हमीरपुर और नादौन से ज्वालाजी की ओर जाने वाले मुख्य सड़क के किनारे खड़े बेतरतीब वाहन और अतिक्रमण है।
लोग कई बार इस समस्या से स्थानीय प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं, परंतु समस्या का समाधान नहीं हो पाया। लोगों विनोद कुमार, संजीव कुमार, अनिकेत, राजीव ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि यातायात के नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि समस्या का समाधान हो सके। बस स्टैंड से लेकर त्रिमूर्ति मार्केट और खरीड़ी मैदान तक सड़क किनारे खड़े बेतरतीब वाहनों के कारण जाम लगाना आम हो चुका है।
कई बार पुलिस की ओर से ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के चालान भी काटे जाते हैं, परंतु कुछ समय बाद समस्या फिर से पैदा हो जाती है। उधर, थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस की ओर से लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। कहीं समस्या है तो समाधान कर दिया जाएगा।