सुजानपुर (हमीरपुर)। नागरिक अस्पताल सुजानपुर में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के खाली पद मरीजों का दर्द बढ़ा रहे हैं। अस्पताल में एक वर्ष से आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं। ऐसे में मरीजों को इलाज करवाने के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। खाली पदों को भरने के बजाय स्वास्थ्य विभाग एमबीबीएस चिकित्सकों के सहारे व्यवस्था चला रहा है। इससे आपात स्थिति में मरीजों को यहां से रेफर किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में कमल नयन, प्रदीप राणा, रणजीत सिंह, सुमन कुमारी, राधिका, स्वर्णलता, रामदेई, हरिदास आदि ने कहा कि अस्पताल में रोजाना करीब 250 लोग उपचार करवाने के लिए ओपीडी में पहुंचते हैं। मगर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक न मिलने से लोगों को मजबूर होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल सुजानपुर में 14 पद स्वीकृत किए गए हैं। मगर सेवाएं देने वाले मात्र छह ही चिकित्सक हैं। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग, शिशु रोग, हड्डी रोग, शल्य, मेडिसन और खंड स्वास्थ्य अधिकारी सहित कुल आठ पद खाली चल रहे हैं। लोगों ने कहा कि उपचार के लिए यहां आने वाले मरीजों को आपात स्थिति में कांगड़ा या मंडी के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों के साथ ही तीमारदारों को भी परेशान होना पड़ता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में जल्द रिक्त पदों को भरने की मांग की है।
उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि रिक्त पदों के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। अस्पताल में मरीजों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।