अवाहदेवी (हमीरपुर)। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को श्री अवाहदेवी माता मंदिर में करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया। पहले नवरात्र के मुकाबले दूसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या कम रही।
पहले दिन खराब मौसम और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे, जबकि सोमवार को मौसम साफ रहने पर भी अपेक्षाकृत कम भीड़ रही।
नवरात्र के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में महिला मंडल समीरपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में भोरंज के बाहन्वीं की विशाखा प्रथम और हमीरपुर के बिरड़ी की महक दूसरे स्थान पर रही। मेहंदी प्रतियोगिता में करीब दस युवतियों ने भाग लिया।
बगवाड़ा पंचायत के प्रधान वरुण चंदेल ने विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया। मंदिर कमेटी के प्रधान रमेश चंद गुलेरिया ने बताया कि कमेटी की ओर से पंडाल सहित श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
फोटो कैप्शन: शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन श्री अवाहदेवी माता मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु। संवाद