संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। उत्तराखंड के देहरादून में होने वाली 38वीं राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए चार मुख्य कमेटियों का गठन अखिल भारतीय नेटबाल संघ ने किया है। पहली बार इसमें हिमाचल प्रदेश के दो सदस्यों को भी शामिल किया गया है।
हिमाचल प्रदेश नेटबाल संघ के महासचिव अशोक आनंद को प्रतियोगिता का डायरेक्टर नियुक्त किया है। वहीं, संघ के अध्यक्ष भूपिंद्र को ज्यूरी ऑफ अपील कमेटी का सदस्य बनाया गया है। प्रतियोगिता में किसी प्रकार की आपत्ति हो, उसे दर्ज करने के लिए ज्यूरी ऑफ अपील कमेटी बनाई जाती है। कमेटी में डॉ. ललित एच जीवाणी को चेयरमैन, मोहम्मद खाजा खां को समन्वयक बनाया गया है।
तकनीकी कमेटी में गिरीश चंद चेयरमैन, प्रशांत समन्वयक और मनीष कुमार पटियाल, राजेंद्र और शुभम को सदस्य नियुक्त किया गया है। 38वीं राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी तक होंगे। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की दो टीमें भाग लेंगी।