बेटी के ससुराल से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा, मातम में बदली शादी की खुशियां
गाड़ी में बेटे, बेटियों और दामाद के साथ सवार थे दुनी चंद
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के तहत टियाले दा घट में सोमवार शाम करीब सात बजे हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब अमनेड़ निवासी दुनी चंद अपने परिवार के साथ बेटी के ससुराल से लौट रहे थे। उनकी टाटा बोल्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर पैरापिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दूनी चंद (89) और रघुवीर सिंह (60) पुत्र भाग सिंह, निवासी अमनेड़ ने दम तोड़ दिया। गाड़ी दुनी चंद का बेटा अनिल कुमार चला रहा था। गाड़ी में दुनी चंद की दोनों बेटियां, एक दामाद और गांव का एक अन्य बुजुर्ग भी सवार थे। इनमें सुदेश कुमारी, प्यारचंद निवासी सम्मेला और अनीता राणा पत्नी सुनील राणा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार दुनी चंद की पोती की शादी में दंगोटा गांव के युवक से हुई थी। रिवाज के अनुसार परिवार सोमवार को बेटी के ससुराल गया था और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। दूनी चंद की बेटी अनिता की हालत भी बेहद गंभीर बताई जा रही है। डीएसपी हेडक्वार्टर नितिन चौहान भी मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो लोगों की मौत की मौत हो गईहै। मामले में जांच की जा रही है।