पीड़ित युवाओं को भी पहचानने के लिए दोबारा कार्यालय बुलाया गया
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर खुद कर हैं युवाओं की शिकायत की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के गांधी चौक पर दो युवकों से बेवजह मारपीट के मामले की जांच खुद एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर कर रहे हैं। युवकों ने शुक्रवार रात को मारपीट किए जाने के आरोप पुलिस कर्मियों पर लगाए थे। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि शुक्रवार रात को 11 बजे के करीब दो होमगार्ड गश्त पर थे। अब इन होमगार्ड को एसपी कार्यालय में सोमवार को तलब किया गया है। पुलिस की छवि पर आंच न आए, इसके लिए एसपी खुद मामले की व्यक्तिगत तौर पर जांच कर रहे हैं ताकि सभी पक्षों को सुना जाए।
बीते शनिवार को पीड़ित युवकों ने एसपी हमीरपुर को मामले की शिकायत दी थी। एसपी को दी शिकायत में युवाओं ने कहा था कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ बिना वजह मारपीट की है। इससे उनके सारे शरीर पर निशान आ गए हैं। दोनों युवक मिठाई की दुकान में काम करते हैं। शुक्रवार रात 11 बजे के बाद रामलीला देखकर वे वापस आ रहे थे तो पुलिस की एक गाड़ी आई और एक कर्मचारी ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि जब उनकी कोई गलती ही नहीं थी तो किस बात को लेकर उनसे मारपीट की गई। जबकि न ही उन्हें गिरफ्तार किया गया था और न ही उन्होंने शराब आदि का सेवन किया था। अब इस मामले में पुलिस ने गश्त पर तैनात होमगार्ड जवानों और शिकायतकर्ता युवाओं को एसपी कार्यालय में बुलाया है। युवाओं को होमगार्ड जवानों की पहचान करने के लिए बुलाया गया है, जबकि होमगार्ड जवानों का पक्ष भी जाना जाएगा। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि युवाओं ने शिकायत दी थी। सदर थाना से जानकारी ली गई है। दो होमगार्ड के जवान गश्त पर थे। इन दोनों जवानों को कार्यालय में बुलाया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी। मामले में निष्पक्षता से जांच होगी।