नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत बेला गांव में दो परिवार के सदस्यों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता पुष्पिंदर सिंह निवासी बेला ने आरोप लगाया है कि उसके ताया की ओर से शौचालय की सीवरेज पाइप खोल देने से उसके आंगन में गंदगी पसर गई है। इस कारण उनके घर में परिवार के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त भूमि पर उन्होंने स्टे ले रखा है, परंतु सीवरेज पाइप खोलने का जब उन्हें पता चला, तो उन्होंने पाइप को काटकर बंद कर दिया था। इस दौरान उसके ताया और उनके बेटे ने उसके पिता व चाचा के साथ मारपीट भी की।
वहीं, दूसरे पक्ष में बेला निवासी सरवण कुमार ने पुष्पिंदर सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा कि उनके पड़ोसी पुष्पिंदर ने उनके घर में आकर तोड़फोड़ और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है। मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मामले की पुष्टि एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने की है। वहीं, दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच की जा रही है।