सलौणी/हमीरपुर/नादौन। जिला में रविवार को तीन अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक वेटनरी फार्मासिस्ट और एक प्रवासी मजदूर का शव फंदे से लटका मिला, जबकि एक अन्य प्रवासी मजदूर की जान मार्बल की चट्टानों के नीचे दबने से चली गई।
बड़सर थाना क्षेत्र के जजरी गांव में पशु चिकित्सालय उसनाड़ कलां में कार्यरत वेटनरी फार्मासिस्ट रोहित कुमार (37) का शव उनके घर के पीछे बरामदे में लोहे के एंगल से फंदे से लटका मिला। सुबह जब वह घर में नहीं दिखे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पत्नी ने जब बरामदे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटके हुए थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा। डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टि में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
नादौन थाना क्षेत्र के भूंपल गांव में प्रवासी मजदूर पप्पू मौर्या (34) पुत्र राम भरोसे निवासी गांव व डाकघर पिनौनी, तहसील विलसी, जिला बदायू (यूपी) का शव भी रविवार को कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक दिहाड़ी मजदूरी करता था और उसकी पत्नी तीन बच्चों के साथ मायके गई हुई थी।
मकान मालिक को जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेजा। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
तीसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के बोहणी में हुई, जहां उत्तर प्रदेश निवासी रमेश कुमार की मौत ट्रक से मार्बल उतारते समय हुई। संतुलन बिगड़ने से भारी स्लैब उसके ऊपर गिर गई। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।