हमीरपुर। जिला में बिजली उपभोक्ताओं को अब स्मार्ट सुविधा मिलने जा रही है। बिजली बोर्ड की ओर से स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दिशा में पहला कदम उठाते हुए संबंधित कंपनी ने सर्वे आरंभ कर दिया है।
सर्वे में उपभोक्ता का नाम, पता, मौजूदा मीटर की स्थिति और बिजली कनेक्शन का प्रकार सहित जरूरी जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। जिले के करीब 2.15 लाख उपभोक्ताओं को स्मार्ट बिजली मीटर की सुविधा प्रदान की जाएगी। इन अत्याधुनिक मीटरों में उपभोक्ता कभी भी अपने मोबाइल फोन से यह देख सकेंगे कि उन्होंने कितनी बिजली खर्च की है।
स्मार्ट मीटरों के लगने से बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को घर-घर जाकर रीडिंग लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी। स्मार्ट मीटरों में एक विशेष सॉफ्टवेयर जोड़ा गया है, जिससे ये मीटर अपने आप रीडिंग भेजते हैं और यदि बिल भुगतान नहीं हुआ तो यह सिस्टम स्वतः बिजली कनेक्शन बंद कर देगा। स्मार्ट मीटरों के संचालन और निगरानी के लिए हमीरपुर के अणु में एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। संवाद