खंड स्तरीय अंडर -14(बाल) प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी खेलते छात्र।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़/हमीरपुर। जिले के तीन शिक्षा खंडों में चल रही खंडस्तरीय अंडर-14 (बाल) खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। प्रतियोगिता के तीसरे दिन शिक्षा खंड भोरंज, हमीरपुर और सुजानपुर से निजी और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने फाइनल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। शिक्षा खंड हमीरपुर के राजकीय उच्च पाठशाला ब्राहलड़ी में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर लंबलू स्कूल के प्रधानाचार्य जयगोपाल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता तथा उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन पहला फाइनल बैडमिंटन मैच ट्विंकल स्टार पब्लिक स्कूल धनेड़ और हिम अकादमी स्कूल विकासनगर के बीच खेला गया। इसमें ट्विंकल स्टार विजेता रहा। खो-खो का फाइनल मैच कुठेड़ा और हिम अकादमी हीरानगर के बीच खेला गया। इसमें कुठेड़ा विजेता रहा। कबड्डी का फाइनल मैच ख्याह और हिम अकादमी हीरानगर के बीच हुआ। इसमें ख्याह स्कूल विजेता रहा। वॉलीबाल के फाइनल मैच में लिली लिटिल फ्लावर स्कूल नाल्टी ने ब्रहालड़ी को शिकस्त दी। मुख्यातिथि जयगोपाल ने विजेता तथा उप विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्याध्यापक मंजूषा कुमारी, टीजीटी संजय कुमार, पूजा देवी, सुनील कुमार आदि अध्यापक मौजूद रहे। वहीं, शिक्षा खंड भोरंज के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडैहर में प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉलीबाल मैच अमरोह और खरवाड़ स्कूल के बीच खेला गया। इसमें खरवाड़ स्कूल विजेता रहा। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में डिडवीं ने हिम गुरु पब्लिक स्कूल लदरौर को पराजित किया। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के एडीपीईओ मनोहर लाल शर्मा का कहना है कि जिले के तीन शिक्षा खंडों में चल रही तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ।
धूमल ने नवाजे विजेता और उपविजेता
शिक्षा खंड सुजानपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीड़ बगेहड़ा में आयोजित खंड स्तरीय अंडर-14 (बाल) खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वॉलीबाल का पहला फाइनल मुकाबला बीड़ बगेहड़ा और नाल्टी के बीच खेला गया। इसमें बीर बगेहड़ा स्कूल विजेता रहा। बैडमिंटन में बनाल स्कूल ने पटलांदर स्कूल को हराया। कबड्डी में हाई स्कूल बनाल विजेता और पटलांदर उपविजेता रहा। खो-खो में राजकीय विद्यालय करोट विजेता और हाई स्कूल भटेरा उपविजेता रहा। सभी स्कूलों के विजेता खिलाड़ियों को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने स्मृति चिह्न एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया है।