वन विभाग के अधिकारियों ने की कार्रवाई
पुलिस थाना नादौन में मामला दर्ज, छानबीन जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत वन परिक्षेत्र नादौन के कर्मचारियों ने गत रात्रि गश्त के दौरान वन बीट जीहण में नाका लगाकर एक ट्राले से अवैध रूप से खैर के 38 मोछे बरामद किए हैं। टीम ने शक होने पर तिरपाल से ढके लोड पिकअप ट्राले को रोकने का इशारा किया। इसपर चालक ने ट्राले को मौके से भगाने का प्रयास किया, लेकिन जीहण में सलासी नाले पर बने तंग पुल पर सामने से अन्य वाहनों के आने पर चालक को ट्राला रोकना पड़ा। उतने में पीछा कर रही वन विभाग की टीम ने ट्राले की आगे से नाकाबंदी कर दी। इतने में ट्राला चालक चाबी सहित वहां से गाड़ी छोड़ कर भाग गया।
वन विभाग की टीम ने पुलिस थाना नादौन को सूचित किया और अवैध रूप से खैर के 39 मोछे ले जाते ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। लोड ट्राले को भी कब्जे में ले लिया है। वन विभाग में रात्रि टीम के इंचार्ज वन खंड अधिकारी सुरेश शर्मा ने कहा कि शनिवार शाम 6:30 के करीब वन बीट जीहण में नाका लगाया गया था। इसी दौरान खैर के मोछे बरामद किए गए हैं। ट्राले में अवैध रूप से लदे खैर के 39 मोछे नादौन पुलिस ने वन विभाग को सुपुर्द कर दिए हैं और ट्राला चालक मुकेश कुमार के खिलाफ बिना परमिट के अवैध रूप से खैर के मोछे ले जाने पर विभाग की शिकायत पर नादौन पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।