राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत विकसित होगी हड़ेटा पंचायत
पांच करोड़ रुपये से होगा पंचायत का विकास, दो करोड़ का बजट जारी
पांच हेक्टेयर वन विभाग की भूमि पर होगा निर्माण कार्य
हर्बल गार्डल, हट, चिल्ड्रन पार्क, योग प्वाइंट, बोटिंग लेक बनेंगे
बवीता चंदेल
हमीरपुर। सीएम सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र की हड़ेटा पंचायत पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र में विकसित होगी। इस पंचायत में ट्री हाउस स्टे, कैपिंग, साइकिलिंग ट्रैक सहित अन्य सुविधाओं को विकसित जाएगा। पंचायती राज मंत्रालय के अंतर्गत चलने वाले राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत हड़ेटा पंचायत का चयन हुआ है। पांच करोड़ रुपये के बजट में यह कार्य होगा। योजना की दो करोड़ की पहली किस्त वन विभाग हमीरपुर को प्राप्त हो गई है।
खास बात यह है कि यह पंचायत हमीरपुर और कांगड़ा में स्थित शक्तिपीठों के रास्ते के बीच में पड़ती है। यहां से होकर हजारों श्रद्धालु उत्तरी भारत के प्रसिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर, ज्वालाजी, बज्रश्वेरी, चामुंडा माता मंदिर के लिए आते जाते हैं। ऐसे में धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए कोई भी पर्यटन स्थल नहीं है। ऐसे में हड़ेटा पंचायत को प्रदेश सरकार की ओर से पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए चुना गया है ताकि पर्यटकों को रुकने, घूमने के लिए बेहतरीन स्थान मिल सके। इससे पंचायत के लोगों को रोजगार के साथ पर्यटकों को घूमने के लिए बेहतरीन स्थान प्राप्त होगा। वन विभाग की पांच हेक्टेयर भूमि पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास कार्य करवाए जाएंगे। वन विभाग की ओर से ही पूरे प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इससे आगामी समय में पंचायत पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगी।
यह मिलेंगी सुविधाएं
पंचायत में वन विभाग की भूमि पर योजना के तहत हर्बल औषधीय गार्डन, जलवायु के अनुकूल पेड़ों का पार्क, फलों का बगीचा, पक्षियों और जंगली जानवरों को निहारने के लिए मचान, ट्री हाउस स्टे, कैपिंग, चिल्ड्रन पार्क, साइकिलिंग ट्रैक, योग प्वाइंट, बोटिंग के लिए झील, लेजर लाइट एंड साउंड शो, एडवेंचर जोन, फूड कोर्ट और स्वयं सहायता समूहों के लिए हैंडीक्राफ्ट हट निर्मित किए जाएंगे।
कोट्स
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत विकास खंड नादौन की हड़ेटा पंचायत का चयन हुआ है। पांच करोड़ रुपये की लागत से पंचायत पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगी। प्रथम चरण में दो करोड़ रुपये का बजट निर्माण कार्य के लिए जारी हुआ है।
शशि बाला, जिला पंचायत अधिकारी।
प्रदेश सरकार की ओर से पंचायत का चयन पर्यटन की दृष्टि से विकसित क रने के लिए चुना गया है। पांच करोड़ रुपये से पंचायत विकसित होगी। पंचायत के लोगों को घरद्वार पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
संजय कुमार, उपप्रधान हड़ेटा पंचायत।
समाचार: बवीता चंदेल