महिला ने बोर्ड पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने के लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू में निजी भूमि पर बिजली का ट्रांसफॉर्मर बिना अनुमति लगाए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से की है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी भूमि खसरा नंबर 306 पटवार वृत्त जाहू कलां सुलगवान में पटवारखाने के ऊपर की तरफ 1 कनाल 7 मरले के लगभग है। उसे बिना उनकी अनुमति से खोद दिया गया और उन्हें कोई भी जानकारी नहीं दी।
मैना देवी (85) पत्नी स्व. संत राम ने बताया कि वह चलने फिरने में असमर्थ है और अपनी जमीन की देख-रेख नहीं कर सकती। उनके दोनों बेटे अपनी आजीविका के लिए घर से बाहर रहते हैं और एक बेटा घर में रहता है और वह ही जमीन की देख-रेख करता है। महिला ने शिकायत में कहा कि उसकी निजी भूमि पर अवैध तरीके से लग रहे ट्रांसफॉर्मर की जानकारी न तो उसे दी थी और न ही उसके बेटों को। अचानक उसका बड़ा बेटा कश्मीर चंद खेत में गया तो उसको पता चला और उसने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात की। मौके पर विद्युत बोर्ड के जेई रमेश चंद सुबह 10 बजे आए और काम बंद करवाया और आगे काम न करने का आश्वासन उसके बेटे को दिया। इसके बाद 4 दिन हो गए हैं और कोई कार्रवाई बोर्ड ने नहीं की है। महिला ने मांग की है कि विद्युत बोर्ड की ओर से जमीन पर जो खंभे लगाए गए हैं उनको जल्द वहां से हटा दें। उधर, एसडीओ भरेड़ी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत आई है। मौके पर जाकर देखा जाएगा। भूमि के मालिकों से मिल कर समस्या का समाधान किया जाएगा।