नेशनल अचीवमेंट सर्वे के तहत निरीक्षकों को ट्रेनिंग देते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिलाभर में शनिवार को नेशनल एचीवमेंट सर्वे टेस्ट के आयोजन के लिए 300 निरीक्षकों को ट्रेनिंग दी गई। निरीक्षकों को बताया गया कि किस तरह स्कूलों में निरीक्षण किया जाना है और अन्य कार्य करने हैं। इस सर्वे का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सीबीएसई कर रही है।
टेस्ट का आयोजन 12 नवंबर को किया जाएगा। जिसमें देशभर के स्कूलों में तीसरी, पांचवीं, आठवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों की शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। स्कूलों में रिपोर्टिंग समय साढ़े सात बजे निर्धारित किया गया है। परीक्षा कक्षों में उचित वेंटिलेशन, काम करने की स्थिति, बेंच और विकलांग बच्चों के लिए प्रावधान क्या हैं, इसके लिए साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक निरीक्षण किया जाएगा।
छात्र उपस्थिति रजिस्टर एकत्रित करना, विद्यार्थियों की सैंपलिंग प्रक्रिया साढ़े आठ से साढ़े नौ तक की जाएगी। वहीं, साढ़े नौ से 10.20 तक विद्यार्थियों को परीक्षण पुस्तिकाओं के वितरण के लिए तैयार करना छात्रों को सहज बनाने के लिए उनके साथ बातचीत करना, उन्हें ओएमआर शीट और सामान्य भरने के तरीके समझाने संबंधी प्रक्रिया की जाएगी।
वहीं, 10.20 से साढ़े दस तक प्रश्न पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। वहीं, इसी तरह दो बजे तक इस सर्वे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों की परीक्षा का आयोजन होगा। वहीं, डाइट हमीरपुर के प्रधानाचार्य धर्मपाल ने कहा कि देशभर में 12 नवंबर को यह सर्वे किया जाएगा। 28 अक्तूबर को मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। अब निरीक्षकों को भी ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने कहा कि तैयारियां की जा रही हैं।