मैहरे (हमीरपुर)। थाना बड़सर के तहत पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में अवैध खनन सामग्री ले जा रहे एक ट्रैक्टर को पकड़कर कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रैक्टर का चालान कर उसे न्यायालय में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मैहरे से दांदड़ू सड़क पर पुलिस द्वारा लगाए गए नाके के दौरान दांदड़ू खड्ड से रेत लेकर आ रहे ट्रैक्टर को रोका गया। चालक से रेत से संबंधित एम-फॉर्म सहित अन्य दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर ट्रैक्टर को खाली करवाकर कार्रवाई की। इसी दौरान नाके के दौरान दो वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिनके खिलाफ भी चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस ने रात 8 बजे से 1 बजे तक नाका लगाकर कार्रवाई की।
वहीं, एएसपी लालमन शर्मा ने बताया कि अवैध खनन और ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में तीन चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की गश्त और नाके लगातार जारी रहेंगे।