नादौन चौक के बाहर एचआरटीसी बस के थमे पहिये
आए दिन सरकारी बसों के पहिये थमने से यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। रंघड़ दैहल से हमीरपुर आ रही एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की बस सोमवार सुबह नादौन चौक के पास खराब हो गई। बस का अगला टायर पंक्चर होने से चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। हालांकि, यहां से बस स्टैंड कुछ ही दूर था। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, सूचना मिलते ही एचआरटीसी वर्कशॉप से मेकेनिक टायर लेकर मौके पर पहुंचे। मेकेनिक ने नया टायर बदलकर बस को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस दौरान करीब आधा घंटा देर तक बस सड़क किनारे ही खड़ी रही।
हमीरपुर डिपो की ओर से नई बस को भेजकर यात्रियों को बस अड्डा तक पहुंचाया गया। बस में सवार यात्रियों सुरेश शर्मा, प्रदीप ठाकुर, विनोद कुमार और अजय शर्मा ने कहा कि एक तरफ तो प्रदेश सरकार महिलाओं को बस यात्रा में पचास फीसदी की रियायत दे रही है, दूसरी तरफ जगह-जगह सड़क किनारे खड़ी हो रहीं बसें निगम की माली हालत को बयां कर रही हैं। सरकार को बसों की उचित मरम्मत करवाकर ही रूट पर भेजना चाहिए ताकि यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि बसों के टायर पंक्चर होना सामान्य प्रक्रिया है। बसों में अतिरिक्त टायर की व्यवस्था होती है। सभी रूटों पर बसों को वर्कशाप पर पूरी चेकिंग के बाद ही भेजा जाता है।