हमीरपुर। सदर थाना के तहत बफड़ी-हरनेड़ सड़क पर टिपर पलटने से चालक घायल हो गया। पुलिस को दिए बयान में हरनेड़ निवासी अजय कुमार ने बताया कि टिपर रेत लेकर हरनेड़ की ओर जा रहा था। हरनेड़ के पास चढ़ाई चढ़ने के बाद चालक टिपर को पीछे करने लगा।
इसी दौरान बारिश के कारण सड़क किनारे की कच्ची मिट्टी धंस गई और टिप्पर परिचालक साइड की ओर पक्की सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को केबिन से बाहर निकाला।
चालक की पहचान विनोद कुमार निवासी जंदराल, डाकघर रंगड़, तहसील सुजानपुर के रूप में हुई है। हादसे में विनोद कुमार की पीठ और टांगों में चोटें आई हैं। टिपर में लदा रेत सड़क पर गिर गया और वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
वहीं, एसपी बलवीर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद