गलोड़ (हमीरपुर)। उपतहसील कांगू परिसर में वर्ष 1986 में बना पटवार भवन जर्जर हालत में है। भवन की छत से प्लास्टर गिर रहा है और खिड़की-दरवाजे भी खराब हो चुके हैं। ऐसे में पटवारी, कानूनगो और अन्य कर्मचारी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं।
भवन की हालत को देखते हुए कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। दो कमरों में चल रहे पटवार भवन में लोगों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कर्मचारियों के लिए बना शौचालय भी जर्जर हो चुका है, जिससे कर्मचारियों के साथ राजस्व कार्यों के लिए आने वाली महिलाओं को भी परेशानी हो रही है।
कांगू में मार्च 2016 में उपतहसील की स्थापना हुई थी। शुरुआत में कानूनगो भवन में इसका संचालन शुरू हुआ, लेकिन पर्याप्त जगह न होने से राजस्व कार्यों के लिए 15-20 लोगों के पहुंचने पर भीड़ हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने पटवार भवन की जल्द मरम्मत करवाने और उपतहसील में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
-
कांगू पटवार भवन की हालत लंबे समय से खराब है। छत से प्लास्टर गिर रहा है और खिड़की-दरवाजे भी जर्जर हो चुके हैं। ऐसे भवन में कर्मचारियों के साथ लोगों की सुरक्षा भी खतरे में है। विभाग को मरम्मत कार्य में देरी नहीं करनी चाहिए।
-साहिल, बढेड़ा निवासी
पटवारघर में पर्याप्त जगह और मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। जर्जर शौचालय के कारण महिला कर्मचारियों और राजस्व कार्यों के लिए आने वाली महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। भवन की मरम्मत के साथ लोगों के बैठने और शौचालय की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
-सुनीत पठानिया, बढेड़ा निवासी
पटवार भवन की हालत इतनी खराब है कि बरसात के दौरान कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों की चिंता और बढ़ जाती है। विभाग को केवल मरम्मत का इंतजार करने के बजाय भवन की स्थिति का स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि किसी हादसे की आशंका न रहे।
-जगदीश शर्मा, बढेड़ा निवासी
कोट:
उपमंडल के पटवार घरों का जल्द निरीक्षण कर रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक मरम्मत करवाई जा सके।
-निशांत शर्मा, एसडीएम नादौन
पटवार भवन की मरम्मत के लिए सरकार की ओर से एक लाख की राशि जारी हुई है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-बलवंत सिंह, नायब तहसीलदार कांगू
कांगू पटवार घर का जर्जर भवन। संवाद
कांगू पटवार घर का जर्जर भवन। संवाद
कांगू पटवार घर का जर्जर भवन। संवाद
कांगू पटवार घर का जर्जर भवन। संवाद