हमीरपुर। एजुकेशन हब हमीरपुर में सरकारी स्कूलों के बाद अब निजी स्कूलों के बंद होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत में ही जिले के तीन निजी स्कूलों ने संचालन बंद कर दिया है।
स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार घटती छात्र संख्या और बढ़ते संचालन खर्च के कारण प्रारंभिक शिक्षा विभाग के समक्ष असमर्थता जताते हुए मान्यता समाप्त करने का आग्रह किया गया। बंद होने वाले स्कूलों में दो माध्यमिक और एक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
पिछले दो शैक्षणिक सत्रों से इन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही थी, जिसके चलते कई कक्षाओं में छात्रों की संख्या एकल अंक तक पहुंच गई। इससे शिक्षकों के वेतन, भवन के रखरखाव, परिवहन और अन्य खर्चों को वहन करना स्कूल प्रबंधन के लिए मुश्किल हो गया। आर्थिक दबाव बढ़ने के बाद अंततः स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया।
बंद हुए स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आसपास के सरकारी और निजी स्कूलों में समायोजित (मर्ज) कर दिया गया है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। इनमें शिक्षा खंड नादौन से एक और हमीरपुर से दो स्कूल शामिल हैं।
कोट
नए शैक्षणिक सत्र में तीन निजी स्कूल बंद हुए हैं। स्कूल प्रबंधकों ने संचालन को लेकर असमर्थता जताते हुए मान्यता रद्द करने का आग्रह किया है। ऐसे में तीनों स्कूलों की मान्यता को रद्द कर दिया गया है।
-कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, हमीरपुर