नादौन। उपमंडल नादौन के तीन कोरोना संक्रमितों का देहांत हो गया। तीनों शवों का कोरोना प्रोटोकॉल के तहत संबंधित पंचायतों में अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन में से दो की मृत्यु हमीरपुर अस्पताल जबकि एक की नेरचौक में हुई है। कंडरोला प्लासी के पूर्व वार्ड सदस्य 50 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार दोपहर बाद घर पर ही तबीयत खराब होने पर उसे हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। जहां रैपिड एंटीजन टेस्ट में वह संक्रमित पाया गया। उपचार के दौरान ही मंगलवार शाम को उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी भी संक्रमित पाई गई हैं।
वहीं उट्टप पंचायत के 42 वर्षीय व्यक्ति की भी मंगलवार शाम हमीरपुर अस्पताल में मृत्यु हो गई। उन्हें 8 मई को घर पर तबीयत खराब होने पर हमीरपुर अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां मंगलवार शाम को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हुई है। उनके घर पर उनकी माता भी संक्रमित पाई गई हैं। जबकि, तीसरे मामले में गाहली पंचायत के 70 वर्षीय व्यक्ति की नेरचौक में मंगलवार रात को मौत हुई है। उनके घर में पिछले दिनों एक विवाह समारोह था।
उसके बाद तबीयत खराब होने पर उन्हें हमीरपुर ले जाया गया। जहां स्थिति गंभीर होने पर उन्हें 2 दिन पूर्व नेरचौक भेज दिया गया। नेरचौक में उपचार के दौरान उनकी मौत हुई है। एसडीएम विजय विजय धीमान ने बताया कि संबंधित पंचायतों में कोविड नियमों के तहत मृतकों का अंतिम संस्कार करवाया गया है।