हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र के बाईपास सड़क पर पेठा व्यापारी की ईको वैन चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को राजौरी और दो आरोपियों को जम्मू से दबोचा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जफर हुसैन, यासिर खान और आसिफ महमूद निवासी राजौरी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है।
यह घटना नौ जून की है, जब प्रताप गली निवासी पेठा व्यापारी सुभाष चंद ने अपनी ईको वैन दुकान के बाहर खड़ी की थी। सुबह करीब 8 बजे दुकान पहुंचने पर वाहन गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक सफेद गाड़ी मौके पर आती दिखाई दी, जिसमें से कुछ लोग उतरकर वैन चोरी कर ले गए।
वहीं, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया, हालांकि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों की अन्य चोरी की वारदातों में भी संलिप्तता रही है।
कोट
ईको वैन चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। आरोपियों को जम्मू से गिरफ्तार किया है। मामले में जांच जारी है।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर