हमीरपुर। दियोटसिद्ध चैत्र मास मेलों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के हमीरपुर और बिलासपुर डिपो ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों डिपो ने मेले के दौरान करीब 16 लाख रुपये की कमाई की, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है। पिछले वर्ष करीब सात लाख रुपये की कमाई हुई।
मेलों का आयोजन 14 मार्च से 13 अप्रैल तक हुआ। इनमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रबंधन की ओर से विशेष बसें चलाई। हमीरपुर और बिलासपुर डिपो की ओर से रोजाना दो-दो बसों ने शाहतलाई से दियोटसिद्ध और दियोटसिद्ध से शाहतलाई मार्ग पर सेवाएं दीं।
हालांकि अवकाश वाले दिनों में यह संख्या बढ़ जाती थीं। शनिवार और रविवार को यह संख्या बढ़कर तीन से चार हो गई। इन बसों से श्रद्धालुओं के आवागमन में काफी सहूलियत मिली। एचआरटीसी की ओर से धार्मिक आयोजनों में बसों की सुविधा दी जाती है। धार्मिक आयोजनों के दौरान अतिरिक्त बस सेवाएं चलाने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलती है बल्कि निगम की आय में भी इजाफा होता है।
हमीरपुर और बिलासपुर डिपो ने दियोटसिद्ध चैत्र मास मेलों में बेहतर कार्य किया। इसके लिए स्टाफ बधाई का पात्र है।-राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल