हमीरपुर। जिले में टेंपो ट्रैवलर रूटों के लिए युवा रुझान नहीं दिखा रहे हैं। दो बार आवेदन तिथि को बढ़ाने के बाद भी टेंपो ट्रैवलर रूटों के लिए मात्र दस आवेदन ही आए हैं।
अब परिवहन विभाग पुन: आवेदन तिथि को बढ़ाने पर विचार कर रहा है। जिला में 47 टेंपो ट्रैवलर रूट निर्धारित किए गए हैं। पहले इन रूटों के लिए नौ जून से 30 जून तक आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान सात आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, उसके बाद पुन: आवेदन तिथि को 14 जुलाई तक बढ़ाया गया। इस समय अवधि में मात्र तीन आवेदन बढ़े और आवेदन संख्या दस तक पहुंची।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए टेंपों ट्रैवलर चलाए जाने की योजना है। हमीरपुर में कई संकरे सड़क मार्ग ऐसे हैं, जहां पर बसें नहीं पहुंच पाती हैं। यहां पर लोगों को आवागमन में दिक्कतें आती हैं। यात्रियों को टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से बेहतर परिवहन सुविधाएं दी जानी हैं। इसी के तहत जिला में करीब 47 टेंपो ट्रैवलर रूट निर्धारित किए गए हैं।
उधर, आरटीओ अंकुश शर्मा ने बताया कि 47 रूटों पर टेंपो ट्रैवलर संचालित किए जाएंगे। रूटों के लिए परिवहन विभाग की ओर से आवेदन की अंतिम तिथि को 14 जुलाई तक बढ़ाया गया था। उन्होंने बताया कि अभी तक मात्र दस आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।