हमीरपुर। डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी नगर निगम हमीरपुर के वार्ड नंबर दो में पार्क का फव्वारा स्थापित नहीं हो पाया है। फव्वारा स्थापित करने के लिए दो लाख रुपये का बजट जारी हुआ था लेकिन टेंडर न लगने से कार्य अधर में लटक गया। जिससे पार्क में फव्वारा लगाने का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। दो वर्ष पूर्व वार्ड में पार्क का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हुआ था। पार्क में महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने के साथ ओपन एयर जिम, बेंच, झूले, वर्षाशालिका और पार्किंग का निर्माण करवाया गया है ताकि पार्क में छोटे बच्चों को खेलने, बुजुर्गों को सैर करने और युवाओं को कसरत करने की सुविधा मिल सके।
पार्क के जीर्णोद्धार कार्य पर आठ लाख रुपये का बजट खर्च किया गया है। वार्ड वासियों अनूप कुमार, अरुण शर्मा, सुनील कुमार, वेदांश, बलदेव, रेशमा देवी, आरती, पूजा आदि ने कहा कि पार्क में सभी प्रकार की सुविधाएं मौजूद हैं। निर्माण कार्य के दौरान पार्क में फव्वारा स्थापित करने की योजना भी थी लेकिन निगम के गठन के बाद टेंडर न लगने के कारण फव्वारा नहीं लग पाया है। उन्होंने नगर निगम से पार्क में फव्वारा स्थापित करने की मांग की है।
टेंडर न लगने से फव्वारा स्थापित करने का कार्य नहीं हो पाया है। पार्क के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये बजट जारी हुआ था। जिसमें से आठ लाख रुपये का बजट खर्च किया जा चुका है।
- राजकुमार, पूर्व पार्षद वार्ड नंबर दो नगर निगम हमीरपुर