हमीरपुर। हमीरपुर के 35 सरकारी स्कूलों में विद्यार्थी थ्रीडी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट्स और कंप्यूटर से पढ़ाई करेंंगे। स्कूलों में विद्यार्थियों को नवाचार से जोड़ने और निपुण बनाने के लिए अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। लैब स्थापित करने का कार्य स्टार्स प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। जिसमें विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर कैबिन, थ्रीडी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट्स की सुविधा प्रदान की जा रही है। स्कूलों में विद्यार्थी एक पीरियड में लैब में रोबोट बनाने, नए अविष्कार करने और कंप्यूटर के माध्यम से देश-विदेश में संचालित आधुनिक उपकरणों की जानकारी ले सकेंगे।
स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए निजी कंपनी की ओर से छह माह तक तकनीशियन नियुक्त किया जाएगा जो विद्यार्थियों को गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण देगा। प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल स्तर पर ही विद्यार्थियों में कौशल विकसित करने के लिए विभिन्न आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है। इसी के तहत स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने का कार्य जून माह माह के प्रथम सप्ताह तक पूरा होगा।
35 स्कूलों में विद्यार्थी थ्रीडी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट्स और कंप्यूटर से पढ़ाई करेंंगे। स्कूलों में विद्यार्थियों को नवाचार से जोड़ने और निपुण बनाने के लिए अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर
इन स्कूलों में स्थापित होंगी लैब
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महारल, जौड़े अंब, बणी, बड़सर, रैली जजरी, धंगोटा, गारली, ब्याड़, बिझड़ी, भोटा, कांगू, धनेटा, जोलसप्पड़, कन्या स्कूल हमीरपुर, टौणी देवी, झगड़ियाणी, कोट, कुठेड़ा, अमरोह, नाल्टी, ऊहल, बोहणी, मटहाणी, लंबलू, चौकी जमबाला, बाल स्कूल हमीरपुर, समीरपुर, भरेड़ी, चौरी, पटलांदर, कक्कड़, बीड बगहेड़ा, चबूतरा खास, सुजानपुर टीहरा और बदारण में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित होंगी।