थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत सपड़ोह गांव की आयुर्र्वेदिक डिस्पेंसरी में हुई चोरी केबाद पकड़ा
आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी सपड़ोह में रात को हुई थी चोरी
कंप्यूटर, कीपैड और कुछ अन्य सामान कर लिया था चोरी
आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने चोरी हुआ सामान किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत सोमवार रात सपड़ोह गांव की आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में चोरी के मामले को नादौन पुलिस ने रात भर मेहनत करके मात्र 12 घंटे में ही सुलझा लिया है। मुख्य आरक्षी कुशल देव की अगुवाई में पुलिस टीम ने चोरी के आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को यहां तैनात डॉक्टर संदीपन कुमारी सहित स्टाफ के अन्य सदस्य डिस्पेंसरी के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर घर चले गए। रात करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने डिस्पेंसरी का ताला टूटा हुआ देखकर नादौन पुलिस सहित डॉक्टर संदीपन कुमारी को भी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही जब कुशल देव की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि डिस्पेंसरी के अंदर रखा गया कंप्यूटर, कीपैड तथा कुछ अन्य सामान चोरी हुआ है। रात को ही पुलिस टीम ने छानबीन आरंभ कर दी और सुबह होते-होते आरोपी तक जा पहुंचे। इस दौरान पुलिस को लाहड़ गांव निवासी 26 वर्षीय राजेंद्र कुमार पर संदेह हुआ। जब पूछताछ करने उसके घर की ओर टीम जा रही थी तो वह घर के निकट रास्ते में ही मिल गया। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और चोरी हुआ सामान पुलिस ने उसके घर से बरामद भी कर लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच पर छानबीन आरंभ कर दी थी। बहुत कम समय में आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर आगे छानबीन की जा रही है।