हमीरपुर। उपमंडल नादौन के अंतर्गत बिछाई जा रही 132 केवी ट्रांसमिशन टावर लाइन से प्रभावित ग्रामीणों ने बुधवार को उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। यह ग्रामीण उपमंडल नादौन के अंतर्गत आते गांव टिल्लू के रहने वाले हैं।
वार्ड पंच यशु परमार और अधिवक्ता अजय नड्डा ने कहा कि गांव में 132 केवी लाइन बिछाने का काम चल रहा है। विद्युत विभाग को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से ट्रांसमिशन लाइन बिछाने के लिए टावर लगाने की अनुमति मिली हुई है, लेकिन बिजली विभाग वर्तमान में उपमंडल अधिकारी व पुलिस के साथ मिलकर टावर नंबर 73 से लाइनें बिछाने का कार्य कर रहे हैं, जिसका सभी ग्रामवासी विरोध कर रहे हैं।
इस समस्या के बारे में ग्रामीणों ने पूर्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भी शिकायत भेजी हुई है। जिसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक जांच पूरी नहीं हो पाई है और बिजली के तारों को बिछाने का कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि ये तार लोगों की सहमति के बिना बिछाए जा रहे हैं। भूमि के ऊपर से निकलने वाले इन तारों के कारण किसानों को नुकसान पहुंच रहा है। इस मामले में वर्ष 2020 में भी ग्रामीण उपायुक्त को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की कि ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का कार्य जल्द से जल्द रोका जाए।